सिद्धार्थनगर में मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासन तैयारियों में जुटा है। कार्यक्रम स्थल पर टेंट और अन्य व्यवस्थाओं का काम तेजी से चल रहा है। लेकिन इन तैयारियों के बीच अब सियासत भी तेज हो गई है।
समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष लालजी यादव ने जिला प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम की तैयारियों के नाम पर लाखों रुपये खर्च करने की तैयारी की जा रही है।
लालजी यादव का दावा है कि जिस स्थान पर कार्यक्रम प्रस्तावित है, वह जलभराव वाला क्षेत्र है। उनका सवाल है कि जब जिले में बीएसए ग्राउंड जैसा बड़ा सरकारी मैदान उपलब्ध है, जहां पहले से हेलिपैड की व्यवस्था मौजूद है, तो फिर ऐसे स्थान का चयन क्यों किया गया, जहां अतिरिक्त निर्माण और खर्च करना पड़ रहा है।
सपा जिला अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि यह फैसला सरकारी धन के दुरुपयोग और भ्रष्टाचार की आशंका को जन्म देता है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और तैयारियों पर होने वाले खर्च का पूरा ब्यौरा सार्वजनिक करने की मांग की है।
हालांकि, इन सभी आरोपों पर जिला प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। प्रशासन का पक्ष मिलने पर उसे भी प्रमुखता से प्रसारित किया जाएगा।
बस्ती मंडल न्यूज़ — दो कदम आगे।

0 टिप्पणियाँ