![]() |
| प्रतीकात्मक चित्र |
बस्ती मंडल न्यूज रिपोर्ट
बस्ती के कलवारी थाना क्षेत्र के बैजलपुर गांव में युवक मनीष चौरसिया की कथित पुलिस पिटाई के बाद हुई मौत का मामला अब राजनीतिक रंग ले चुका है।
रविवार शाम समाजवादी पार्टी का प्रतिनिधिमंडल बस्ती सदर विधायक महेन्द्रनाथ यादव के नेतृत्व में पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने परिजनों को न्याय का भरोसा दिलाते हुए 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता भी दी।
विधायक महेन्द्रनाथ यादव ने आरोप लगाया कि अगर पुलिस ने संवेदनशीलता से काम किया होता तो मनीष की जान बच सकती थी। उन्होंने पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
वहीं, पीड़ित परिवार का आरोप है कि डायल-112 पुलिस की कथित पिटाई से मनीष गंभीर रूप से घायल हुआ था। इलाज के लिए पहले उसे सीएचसी कलवारी, फिर जिला अस्पताल और बाद में कैली अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
इस बीच प्रशासन ने मामले में 3 पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया है। हालांकि, यह प्रारंभिक विभागीय कार्रवाई है। मामले की जांच जारी है और अंतिम जिम्मेदारी जांच रिपोर्ट के बाद ही तय होगी।
सपा नेताओं ने कहा कि पार्टी पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और न्याय मिलने तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।

0 टिप्पणियाँ