फर्जी दस्तावेजों के सहारे नौकरी पाने का आरोप, सहायक अध्यापिका पर धोखाधड़ी और जालसाजी का मुकदमा दर्ज

 

प्रतीकात्मक चित्र 


बस्तीमंडल न्यूज़ रिर्पोट,बस्ती। नगर थाना क्षेत्र में एक सहायक अध्यापिका पर कूटरचित (फर्जी) दस्तावेजों के आधार पर नियुक्ति प्राप्त करने का आरोप सामने आया है। पुलिस ने मामले में गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एफआईआर 2 जुलाई 2026 की रात 11:24 बजे दर्ज की गई।

पुलिस के अनुसार, परमहंस बाबा राम किंकर दास पूर्व माध्यमिक बालिका विद्यालय, पिपरा गौतम के प्रबंधक संजय सिंह की तहरीर पर यह कार्रवाई की गई है। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि विद्यालय में कार्यरत सहायक अध्यापिका उर्मिला सिंह ने कथित रूप से फर्जी दस्तावेजों के सहारे नौकरी प्राप्त की।

शिकायत में कहा गया है कि विभिन्न संस्थानों से अभिलेखों का सत्यापन कराया गया, जिसमें कई दस्तावेजों पर कूटरचित हस्ताक्षर एवं अन्य अनियमितताएं पाए जाने का दावा किया गया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्रथम दृष्टया मामला दर्ज कर लिया है।

इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत ने बताया कि विवेचना के दौरान सभी उपलब्ध दस्तावेजों, जांच रिपोर्टों और अन्य साक्ष्यों का गहन परीक्षण किया जाएगा। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल मामला जांच के अधीन है। आरोपों की पुष्टि पुलिस विवेचना के बाद ही हो सकेगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Close Menu