बस्ती मंडल न्यूज रिपोर्ट,बस्ती। जिले के हर्रैया थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर एक युवती के साथ कथित दुष्कर्म करने और दो बार गर्भपात कराने का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर हर्रैया पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी चन्द्रिका प्रसाद वर्मा परसरामपुर थाना क्षेत्र के खम्हरिया गांव का रहने वाला है। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी उसे बहला-फुसलाकर अयोध्या ले गया, जहां किराये के कमरे में रखकर शादी का भरोसा देता रहा और इसी दौरान उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।
पीड़िता का कहना है कि पहली बार गर्भवती होने पर आरोपी ने दवा खिलाकर उसका गर्भपात करा दिया। इसके करीब तीन माह बाद वह दोबारा गर्भवती हुई। इस बार वह बच्चे को जन्म देना चाहती थी, लेकिन आरोपी लगातार गर्भपात कराने का दबाव बनाता रहा।
तहरीर के अनुसार, मई 2026 के पहले सप्ताह में आरोपी ने सिरदर्द की दवा बताकर उसे गर्भपात की गोली खिला दी, जिससे दूसरी बार भी गर्भपात हो गया। पीड़िता ने आरोप लगाया कि इसके बाद उसे अत्यधिक रक्तस्राव हुआ और संक्रमण फैलने से उसकी तबीयत बिगड़ गई।
पीड़िता की शिकायत पर हर्रैया पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म, गर्भपात कराने सहित अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
इस मामले में अपर पुलिस अधीक्षक श्यामाकांत ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
नोट: यह समाचार पीड़िता द्वारा लगाए गए आरोपों और पुलिस में दर्ज एफआईआर के आधार पर प्रकाशित किया गया है। मामले की जांच जारी है और आरोपी का पक्ष सामने आने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

0 टिप्पणियाँ