बस्ती मंडल न्यूज रिपोर्ट, डुमरियागंज -
सिद्धार्थनगर के डुमरियागंज थाना क्षेत्र स्थित मेथवलिया चौराहे पर रविवार को हुए सड़क हादसे में बाइक सवार पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां एक की हालत गंभीर बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, भवानीगंज थाना क्षेत्र के रानी भानपुर निवासी 60 वर्षीय जयंती प्रसाद, पुत्र ठोकई, अपनी पत्नी रानी जयंती के साथ मोटरसाइकिल से मेथवलिया जा रहे थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। कार चालक ने मानवता दिखाते हुए दोनों घायलों को तत्काल डुमरियागंज स्थित साजिदा हॉस्पिटल पहुंचाया।
साजिदा हॉस्पिटल में प्राथमिक उपचार के बाद जयंती प्रसाद की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज सिद्धार्थनगर रेफर किया गया। वहां भी स्थिति में सुधार न होने पर चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर रेफर कर दिया। वहीं उनकी पत्नी रानी जयंती का इलाज साजिदा हॉस्पिटल, डुमरियागंज में जारी है।

0 टिप्पणियाँ