सिद्धार्थनगर: नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म का मुख्य आरोपी 10 दिन बाद गिरफ्तार, दूसरा आरोपी अब भी फरार

 


सिद्धार्थनगर। शिवनगर डिड़ई थाना क्षेत्र में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को घटना के करीब 10 दिन बाद गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। वहीं, मामले का दूसरा आरोपी अभी भी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता के पिता की तहरीर पर लगभग 10 दिन पहले सामूहिक दुष्कर्म सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामला दर्ज होने के बाद से ही पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही थी।

मंगलवार को शिवनगर डिड़ई पुलिस को सूचना मिली कि मुख्य आरोपी परवेश पुत्र राधेश्याम, निवासी डड़वा भईया, थाना पथरा बाजार, क्षेत्र में मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तिगोड़वा-करही मार्ग स्थित जोगिया खुर्द तिराहे के पास घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की गई और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

थाना प्रभारी निरीक्षक बृजेश सिंह ने बताया कि मामले के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। दूसरे फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

पुलिस का कहना है कि महिलाओं और बच्चों से जुड़े अपराधों में सख्त कार्रवाई की जा रही है। मामले की विवेचना और अन्य विधिक कार्रवाई जारी है। मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पीड़ित परिवार ने राहत की सांस ली है, जबकि अब क्षेत्र के लोगों की निगाहें फरार आरोपी की गिरफ्तारी पर टिकी हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Close Menu