प्रतिष्ठित कंपनियों के डायरेक्टर/CEO बनकर करोड़ों की साइबर ठगी करने वाले गैंग का एक और सदस्य गिरफ्तार

 



बस्ती। बस्ती पुलिस ने प्रतिष्ठित कंपनियों के डायरेक्टर एवं CEO का प्रतिरूपण (Impersonation) कर बैंक शाखा प्रबंधकों को व्हाट्सएप कॉल और संदेश के माध्यम से करोड़ों रुपये की साइबर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के एक और शातिर सदस्य को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अमन मिश्रा पुत्र हरिकेश मिश्रा, निवासी थाना मनकापुर, जनपद गोंडा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, यह गिरोह विभिन्न राज्यों में बैंक अधिकारियों को झांसे में लेकर बड़ी रकम की साइबर ठगी की वारदातों को अंजाम देता था।

इस मामले में अब तक गिरोह के तीन अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी पहले ही की जा चुकी है। ताजा कार्रवाई में गिरफ्तार अमन मिश्रा के कब्जे से ₹2,500 नकद, दो आधार कार्ड तथा विभिन्न बैंकों से संबंधित दस्तावेज बरामद किए गए हैं।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि अभियुक्त के नाम से अलग-अलग बैंकों में कुल 16 बैंक खाते संचालित हैं। इन खातों की जांच के दौरान करोड़ों रुपये के लेन-देन और हेरफेर के साक्ष्य मिले हैं। पुलिस अब इन खातों के माध्यम से हुए वित्तीय लेन-देन की विस्तृत जांच कर रही है तथा गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।

बस्ती पुलिस का कहना है कि पूरे नेटवर्क का खुलासा करने और साइबर ठगी से जुड़े अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Close Menu