साइबर ठगी के ₹48 हजार वापस दिलाकर खेसरहा पुलिस ने जीता भरोसा, पीड़िता ने जताया आभार

 


सिद्धार्थनगर। खेसरहा थाना पुलिस की साइबर सेल टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक महिला के साथ हुई ऑनलाइन साइबर ठगी के ₹48 हजार सफलतापूर्वक वापस कराए हैं। यूपीआई के माध्यम से हुई इस ठगी की धनराशि वापस मिलने पर पीड़िता ने पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के निर्देशन में जनपद में साइबर अपराध की रोकथाम एवं ठगी गई धनराशि की रिकवरी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी बांसी शुबेंदु सिंह के पर्यवेक्षण में खेसरहा थाना पुलिस ने यह उल्लेखनीय सफलता हासिल की।

जानकारी के अनुसार, ग्राम कैथवलिया निवासी नेहा, पत्नी पंकज, ने 12 जून 2026 को एनसीआरपी (NCRP) पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराते हुए बताया था कि यूपीआई के माध्यम से उनके बैंक खाते से ₹48 हजार की साइबर ठगी कर ली गई है।


शिकायत मिलते ही खेसरहा थाना की साइबर सेल टीम ने तत्काल संबंधित बैंक से संपर्क कर आवश्यक समन्वय स्थापित किया। लगातार प्रयासों के बाद शनिवार को पूरी ₹48 हजार की धनराशि पीड़िता के बैंक खाते में वापस करा दी गई।

धनराशि वापस मिलने पर पीड़िता नेहा ने खेसरहा पुलिस एवं साइबर सेल टीम की त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया।

इस सराहनीय कार्य में थानाध्यक्ष अनूप कुमार मिश्रा के नेतृत्व में साइबर सेल प्रभारी राघवेंद्र प्रताप यादव, कांस्टेबल देवेश मिश्रा एवं कांस्टेबल अभिषेक मौर्य की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 हेल्पलाइन या NCRP पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते धनराशि की रिकवरी संभव हो सके।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Close Menu