बस्ती मंडल न्यूज डेस्क | बस्ती
जनपद के वाल्टरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत बस्ती-डुमरियागंज मार्ग पर बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। मनौरी चौराहे के पास एक अनियंत्रित ट्रेलर ने कार को जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें सवार एक युवक की जान चली गई, जबकि उसका चचेरा भाई जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है।
घर लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, वाल्टरगंज के ढेकी गांव निवासी श्याम नारायण दुबे अपने चचेरे भाई निहाल दुबे के साथ कार से बस्ती से वापस अपने गांव लौट रहे थे। जैसे ही उनकी कार मनौरी चौराहे के पास पहुंची, सामने से आ रहे एक बेकाबू ट्रेलर ने उन्हें रौंद दिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और दोनों भाई मलबे में फंस गए।
अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम
स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों घायलों को कार काटकर बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल श्याम नारायण दुबे को अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन उन्होंने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। घायल निहाल दुबे का उपचार कैली अस्पताल में चल रहा है, जहाँ उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
फरार ट्रेलर चालक की तलाश
हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन सहित मौके से भागने में सफल रहा। वाल्टरगंज पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, क्षेत्र में लगे CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि फरार ट्रेलर और उसके चालक की पहचान की जा सके।
परिवार में पसरा मातम
श्याम नारायण दुबे की मौत की खबर से ढेकी गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतक अपने पीछे पत्नी सत्यभामा, पुत्र तेजस और पुत्री पीहू को छोड़ गए हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

0 टिप्पणियाँ