उद्घाटन से पहले ही जवाब दे गई जल जीवन मिशन की टंकी; आंधी-बारिश में झुकी, निर्माण की गुणवत्ता पर उठे सवाल

 



बस्ती मंडल न्यूज डेस्क | सिद्धार्थनगर

जनपद के इटवा नगर पंचायत अंतर्गत विष्णुपुर (करहिया पुल के पास) जल जीवन मिशन के तहत बनी पानी की टंकी सोमवार को आई तेज आंधी और बारिश का प्रेशर नहीं झेल सकी। आपूर्ति शुरू होने से पहले ही टंकी का ऊपरी हिस्सा असंतुलित होकर झुक गया, जिससे आसपास के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विभाग में हड़कंप मच गया है।

ग्रामीणों ने लगाया घटिया निर्माण का आरोप

​स्थानीय निवासियों का कहना है कि जिस टंकी का अभी उद्घाटन भी नहीं हुआ, उसका पहली ही आंधी में क्षतिग्रस्त होना निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर बड़े सवाल खड़े करता है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि निर्माण में मानकों की अनदेखी की गई है, जिसके कारण करोड़ों की लागत से बन रही यह परियोजना पहली बारिश में ही खतरे की जद में आ गई।

जल निगम ने दी सफाई: 'गिरा नहीं, शिफ्ट हुआ है हिस्सा'

​मामले के तूल पकड़ने पर जल निगम के अधिशासी अभियंता (XEN) संजय कुमार जायसवाल ने प्रेस नोट जारी कर स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने कहा:

  • असेंबली का काम था जारी: घटना के समय टंकी के ऊपरी हिस्से में 'जिंक एलम कंटेनर' की असेंबली की जा रही थी।
  • फिक्स नहीं थीं शीट्स: अचानक आए आंधी-तूफान के कारण जो शीट्स अभी पूरी तरह फिक्स (पेच से कसी) नहीं हुई थीं, वे हवा के दबाव से अपने स्थान से हट गईं।
  • कोई जनहानि नहीं: मौसम खराब होते ही साइट इंजीनियर ने काम रुकवा कर श्रमिकों को सुरक्षित नीचे उतार लिया था, जिससे कोई चोटिल नहीं हुआ।

सुरक्षा मानकों के तहत दोबारा शुरू होगा काम

​विभागीय अधिकारियों का दावा है कि टंकी के ढांचे को कोई बड़ा नुकसान नहीं पहुंचा है। मौसम सामान्य होने पर सुरक्षा मानकों की दोबारा जांच की जाएगी और उसके बाद ही कंटेनर फिक्सिंग का काम फिर से शुरू कराया जाएगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Close Menu