दावों के बीच डीजल की 'धांधली', आरडी फिलिंग स्टेशन पर खास लोगों को ही मिल रहा ईंधन

 



अम्बेडकरनगर: जिला प्रशासन द्वारा ईंधन की पर्याप्त उपलब्धता के दावों के बीच जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है। जिला मुख्यालय के पहितीपुर रोड स्थित आरडी फिलिंग स्टेशन पर उपभोक्ताओं के साथ भेदभाव और अनियमितता का गंभीर मामला सामने आया है।

'नो डीजल' का बोर्ड सिर्फ आम जनता के लिए?

​पंप पर "नो डीजल" का बोर्ड लगाकर आम ग्राहकों को बैरंग लौटाया जा रहा है, जबकि आरोप है कि रसूखदारों और चहेते लोगों को पिछले दरवाजे से चोरी-छिपे डीजल उपलब्ध कराया जा रहा है। स्थानीय उपभोक्ताओं ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि कर्मचारियों द्वारा डीजल खत्म होने का बहाना बनाया जाता है, लेकिन उसी समय कुछ चुनिंदा वाहनों में तेल भरा जा रहा है।

पूर्ति विभाग के दावों की खुली पोल

​एक तरफ जिला पूर्ति अधिकारी शिवाकांत पांडेय जनपद में पर्याप्त स्टॉक का दावा कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर पेट्रोल पंपों की यह मनमानी उनके दावों पर सवाल खड़े कर रही है। उपभोक्ताओं ने इस पक्षपातपूर्ण रवैये को उपभोक्ता अधिकारों का सीधा उल्लंघन बताया है।

जांच का आश्वासन

​मामला बढ़ता देख जिला पूर्ति अधिकारी शिवाकांत पांडेय ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी और यदि अनियमितता पाई गई तो सख्त कार्रवाई होगी।

रिपोर्ट: ब्यूरो चीफ, बस्ती मंडल न्यूज़

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Close Menu