सिद्धार्थनगर: विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर राष्ट्रपति के नाम संबोधित एक ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने देश में बढ़ रही आपराधिक गतिविधियों, अवैध अतिक्रमण और जबरन धर्मांतरण के मुद्दों पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए केंद्र व राज्य सरकार से कठोर कार्रवाई की मांग की।
'लव जिहाद' और धर्मांतरण पर केंद्रीय कानून की मांग
ज्ञापन के माध्यम से संगठन ने आरोप लगाया कि सुनियोजित तरीके से सामाजिक ताने-बाने को बिगाड़ने का प्रयास किया जा रहा है। विहिप-बजरंग दल के पदाधिकारियों ने 'लव जिहाद' और जबरन धर्मांतरण के मामलों का जिक्र करते हुए कहा कि अब ये घटनाएं शिक्षित वर्ग तक फैल चुकी हैं। उन्होंने इन पर अंकुश लगाने के लिए एक सख्त केंद्रीय कानून बनाने की मांग उठाई है।
राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए चुनौती हैं अवैध कब्जे
कार्यकर्ताओं ने सार्वजनिक संपत्तियों, वन भूमि, रेलवे और सेना की सुरक्षित जमीनों पर हो रहे अतिक्रमण को राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बताया। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि ऐसे अवैध कब्जों को तत्काल चिन्हित कर हटाया जाए। साथ ही, खान-पान की वस्तुओं में मिलावट कर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले असामाजिक तत्वों पर भी सख्त कार्रवाई की अपील की गई।
जिलाध्यक्ष का बयान
विहिप जिलाध्यक्ष ब्रजेश पाण्डेय ने कहा कि राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए संगठन हमेशा सजग रहा है। उन्होंने प्रशासन से अपेक्षा जताई कि ज्ञापन में उठाए गए बिंदुओं पर गंभीरता से विचार कर दोषियों के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान जिला उपाध्यक्ष सुनील त्रिपाठी, जिला मंत्री धर्मेंद्र गुरुजी, सहमंत्री जयप्रकाश गुप्त सहित भारी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

0 टिप्पणियाँ