अम्बेडकर नगर (इब्राहिमपुर)।
अम्बेडकर नगर जिले के इब्राहिमपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहाँ सरयू नदी में नहाने गया 32 वर्षीय युवक गहरे पानी में जाने के कारण डूब गया। घटना के बाद से ही स्थानीय गोताखोर और पुलिस टीम युवक की तलाश में जुटी है, लेकिन घंटों बीत जाने के बाद भी अभी तक कोई सुराग हाथ नहीं लगा है।
नहाते समय हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, जिगना गांव का रहने वाला राजकुमार (32 वर्ष) पुत्र राम अजोर इल्तिफ़ात गंज के सजौरा मीरापुर घाट पर सरयू नदी में नहाने गया था। नहाते समय वह पानी की गहराई का अंदाजा नहीं लगा सका और अचानक गहरे पानी में समा गया। किनारे पर मौजूद लोगों ने जब उसे डूबते देखा तो शोर मचाना शुरू किया, लेकिन देखते ही देखते वह आंखों से ओझल हो गया।
गोताखोरों की मदद से तलाश जारी
सूचना मिलते ही इब्राहिमपुर थानाध्यक्ष पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों को नदी में उतारा है। युवक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। पुलिस के अनुसार, सर्च ऑपरेशन लगातार चलाया जा रहा है।

0 टिप्पणियाँ