सिद्धार्थनगर: सब्जी लेने निकले युवक की संदिग्ध मौत, नहर की पुलिया के नीचे मिला शव; परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

 


सिद्धार्थनगर (सदर)।

सिद्धार्थनगर जिले के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत जगदीशपुर राजा टोला कोइलरहा गांव में बुधवार की सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक 32 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में नहर की पुलिया के नीचे पाया गया। मृतक की पहचान जगदीशपुर राजा गांव निवासी जसवंत पुत्र शिवकुमार के रूप में हुई है। जसवंत के शरीर पर चोट के निशान मिलने के बाद परिजनों ने उसकी हत्या कर शव फेंके जाने का गंभीर आरोप लगाया है।

बाजार जाने की बात कहकर घर से निकला था जसवंत

परिजनों के मुताबिक, जसवंत मंगलवार शाम करीब 4 बजे घर से यह कहकर निकला था कि वह सब्जी लेने बाजार जा रहा है। जब वह देर रात तक घर नहीं लौटा, तो परिवार वालों ने उसकी काफी खोजबीन की लेकिन कहीं सुराग नहीं मिला। बुधवार सुबह जब ग्रामीण भैंस चराने नहर की तरफ गए, तो उन्होंने पुलिया के नीचे शव देखकर शोर मचाया।

खून के छींटे और चोट के निशान दे रहे गवाही

घटनास्थल का मंजर काफी डरावना था। मृतक के सिर और नाक पर गहरे जख्म थे और वहां खून के छींटे भी बिखरे पड़े थे। पिता शिवकुमार ने साफ तौर पर कहा है कि उनके बेटे की रंजिशन हत्या की गई है। पोस्टमार्टम हाउस पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुटी हुई है और इलाके में तनाव के साथ-साथ शोक का माहौल है।

पुलिस का बयान

सूचना पाकर मौके पर पहुंची सदर कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रभारी निरीक्षक मिथिलेश कुमार राय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी, जिसके बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Close Menu