बस्ती मंडल न्यूज़ (बस्ती): कुदरहा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में प्रसव के दौरान नवजात की मौत के मामले ने अब प्रदेश स्तर पर तूल पकड़ लिया है। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक द्वारा मामले का कड़ा संज्ञान लेने के बाद मंगलवार को लखनऊ से आई राज्य स्तरीय जांच टीम ने बस्ती पहुंचकर गहन पड़ताल शुरू कर दी है।
सीएचसी स्टाफ से लंबी पूछताछ, रिकॉर्ड जब्त
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजीव निगम के नेतृत्व में जांच टीम कलवारी थाना क्षेत्र के बनहरा स्थित सीएचसी कुदरहा पहुंची। टीम ने यहाँ अधीक्षक, संबंधित डॉक्टर, एएनएम, आशा और स्टाफ नर्स से एक-एक कर विस्तृत पूछताछ की और उनके लिखित बयान दर्ज किए। जांच टीम ने प्रसव कक्ष का निरीक्षण कर 8 अप्रैल को अपनाई गई पूरी प्रक्रिया की बारीकी से जानकारी जुटाई।
निजी अस्पताल का सीसीटीवी फुटेज कब्जे में
सीएचसी में जांच के बाद टीम उस निजी नर्सिंग होम पहुंची, जहां प्रसूता को रेफर किया गया था। जांच टीम ने अस्पताल के सभी दस्तावेजों को खंगाला और वहां लगे सीसीटीवी पैनल को अपने कब्जे में ले लिया है। अधिकारियों का मानना है कि सीसीटीवी फुटेज से यह स्पष्ट हो जाएगा कि प्रसूता को किस हाल में वहां लाया गया था और उपचार में क्या कमी रही।
मेडिकल कॉलेज में प्रसूता के बयान होंगे दर्ज
जांच टीम अब बस्ती मेडिकल कॉलेज के लिए रवाना हो गई है, जहां भर्ती प्रसूता प्रेमा देवी का इलाज चल रहा है। संयुक्त निदेशक (स्वास्थ्य विभाग) डॉ. सुशील कुमार ने बताया कि पीड़िता के बयान इस मामले की सबसे अहम कड़ी हैं।
दोषियों पर होगी कड़ी कार्रवाई
डॉ. सुशील कुमार ने आश्वस्त किया कि सभी पहलुओं की जांच पूरी होने के बाद रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी फुटेज और बयानों के आधार पर जो भी कर्मचारी या डॉक्टर दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। स्वास्थ्य महकमे की इस बड़ी कार्रवाई से जिले के लापरवाह स्वास्थ्य कर्मियों में हड़कंप मचा हुआ है।

0 टिप्पणियाँ