चेयरमैन की गाड़ी पर फायरिंग की खबर निकली फर्जी, पुलिस को दी गई थी झूठी सूचना

 



बस्ती मंडल न्यूज़ (अम्बेडकरनगर): मंगलवार को अंबेडकरनगर जिले में उस वक्त सनसनी फैल गई जब अकबरपुर नगर पालिका चेयरमैन चंद्र प्रकाश वर्मा की गाड़ी पर फायरिंग की सूचना जंगल में आग की तरह फैल गई। हालांकि, पुलिस की त्वरित जांच में यह पूरी खबर महज एक अफवाह साबित हुई है। डायल 112 पर दी गई इस झूठी सूचना ने घंटों पुलिस और प्रशासन को हलकान रखा।

डायल 112 पर आई थी कॉल

जानकारी के अनुसार, एक अज्ञात व्यक्ति ने पुलिस कंट्रोल रूम (112) पर फोन कर दावा किया कि 4-5 युवकों ने चेयरमैन चंद्र प्रकाश वर्मा की गाड़ी को घेरकर फायरिंग की है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए डायल 112 की टीम और अकबरपुर कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। लेकिन जब पुलिस घटना स्थल पर पहुंची, तो वहां स्थिति पूरी तरह सामान्य मिली और फायरिंग जैसी किसी वारदात के कोई सबूत नहीं मिले।

चेयरमैन ने खुद दी सफाई

अफवाहों का बाजार गर्म होता देख खुद चेयरमैन चंद्र प्रकाश वर्मा ने सोशल मीडिया के माध्यम से जनता को संबोधित किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे पूरी तरह सुरक्षित हैं और उनके साथ ऐसी कोई घटना नहीं हुई है। उन्होंने अपने शुभचिंतकों और जनता से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की भ्रामक खबरों और अफवाहों पर ध्यान न दें।

फर्जी सूचना देने वाले की तलाश जारी

क्षेत्राधिकारी (CO) अकबरपुर, नितीश कुमार तिवारी ने आधिकारिक पुष्टि करते हुए बताया कि फायरिंग की सूचना पूरी तरह असत्य और निराधार पाई गई है। जिस मोबाइल नंबर से सूचना दी गई थी, वह अब स्विच ऑफ आ रहा है। पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए फर्जी सूचना देने वाले व्यक्ति को चिन्हित करना शुरू कर दिया है। भ्रामक सूचना फैलाकर शांति व्यवस्था प्रभावित करने वाले शख्स के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Close Menu