बस्ती (बस्ती मंडल न्यूज़): कोतवाली थाना क्षेत्र के खोराखार गांव में बुधवार सुबह एक 24 वर्षीय युवक का शव किराए के कमरे में फंदे से लटका मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान सोहना थाना क्षेत्र के पिटउट गांव निवासी अभिषेक कुमार (पुत्र मंजीश कुमार) के रूप में हुई है।
अकेला था युवक, मौसा गए थे गांव
जानकारी के अनुसार, अभिषेक अपने मौसा के साथ खोराखार में किराए के मकान में रहकर प्लंबिंग का काम करता था। दो दिन पहले उसके मौसा गेहूं की कटाई के लिए अपने पैतृक गांव गए हुए थे, जिसके कारण अभिषेक कमरे पर अकेला था।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
बुधवार सुबह जब स्थानीय लोगों ने छत की कुंडी से रस्सी के सहारे शव को लटकता देखा, तो तुरंत पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य और नमूने एकत्रित किए हैं।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
चौकी प्रभारी राम अशोक यादव ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कोतवाल मोती चंद ने बताया कि मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की जांच में जुटी है।

0 टिप्पणियाँ