₹1.35 लाख की वित्तीय गड़बड़ी में प्रधानाध्यापक निलंबित, स्मार्ट क्लास के नाम पर खेल

 



अंबेडकरनगर (बस्ती मंडल न्यूज़): जिले के भीटी ब्लॉक स्थित दुल्लापुर प्राथमिक विद्यालय में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई हुई है। विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक प्रवीण मिश्रा को वित्तीय अनियमितता और लापरवाही के आरोप में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) शैलेश पटेल ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

क्या है पूरा मामला?

​सत्र 2025-26 के लिए कंपोजिट उच्च प्राथमिक विद्यालय दुल्लापुर को स्मार्ट क्लास और आईसीटी लैब की स्थापना हेतु ₹1,35,000 की धनराशि आवंटित की गई थी। खंड शिक्षा अधिकारी (BEO) की जांच में सामने आया कि प्रधानाध्यापक प्रवीण मिश्रा ने यह पूरी राशि खाते से निकाल ली, लेकिन न तो विद्यालय में कोई खरीद की गई और न ही विभाग को बिल-वाउचर उपलब्ध कराए गए।

जांच में दोषी पाए गए प्रधानाध्यापक

​भीटी खंड शिक्षा अधिकारी की 6 अप्रैल 2026 की रिपोर्ट के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। रिपोर्ट में स्पष्ट किया गया कि प्रधानाध्यापक ने सरकारी धन का दुरुपयोग किया और शासन के निर्देशों का खुला उल्लंघन किया। बीएसए ने इसे गंभीर कदाचार मानते हुए उत्तर प्रदेश सरकारी सेवक नियमावली के तहत निलंबन की कार्रवाई की है।

जांच अधिकारी नियुक्त

​निलंबन की अवधि के दौरान प्रवीण मिश्रा को कंपोजिट उच्च प्राथमिक विद्यालय तकिया कानूनगो से संबद्ध किया गया है। पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच के लिए रामनगर के खंड शिक्षा अधिकारी को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Close Menu