बेलहर कला (संत कबीर नगर)। विकास के दावों के बीच जनपद के बेलहर विकास खंड क्षेत्र की सड़कें अपनी बदहाली पर आंसू बहा रही हैं। पिपरा प्रथम से बैरिहवां मदरहा और औरहिया मंझरिया को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग पूरी तरह जर्जर हो चुका है। मरम्मत के अभाव में सड़क पर जगह-जगह जानलेवा गड्ढे बन गए हैं, जिससे नाराज ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया और शासन-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
स्थानीय निवासी संतोष, विपिन, मोइन खान, बलजीत और राधेश्याम सहित दर्जनों ग्रामीणों का कहना है कि यह मार्ग क्षेत्र के कई गांवों को जोड़ने वाला प्रमुख रास्ता है। लंबे समय से सुध न लिए जाने के कारण अब यहां पैदल चलना भी दूभर हो गया है। बरसात के समय स्थिति और भी नारकीय हो जाती है, जब गड्ढों में पानी भर जाने से सड़क और नाले का फर्क खत्म हो जाता है।
सड़क की इस जर्जर हालत का सबसे बुरा असर स्कूली बच्चों, मरीजों और बुजुर्गों पर पड़ रहा है। आए दिन होने वाली दुर्घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सड़क की डेंटिंग-पेंटिंग और मरम्मत का कार्य शुरू नहीं हुआ, तो वे बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
इस संबंध में सांसद लक्ष्मीकांत उर्फ पप्पू निषाद ने बताया कि सड़क की खराब स्थिति के बारे में संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दे दिए गए हैं। उन्होंने आश्वासन दिया है कि जल्द ही बजट पास कराकर मरम्मत का कार्य पूरा कराया जाएगा ताकि जनता को राहत मिल सके।
0 टिप्पणियाँ