खेसरहा (सिद्धार्थनगर)। जनपद के खेसरहा थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बांसी-धानी मार्ग पर सेमरा मुस्तहकम गांव स्थित कशीरन कॉलेज के पास एक तेज रफ्तार कार और बाइक की सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार दो किशोर छिटक कर गिर गए और बाइक कार के नीचे जा घुसी।
मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा दोपहर करीब 1 बजे हुआ जब बांसी की ओर से आ रही बाइक सामने से आ रही कार से टकरा गई। घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों ने दिलेरी दिखाते हुए मौके पर दौड़ लगाई और कार के नीचे फंसे घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला। ग्रामीणों की सूचना पर खेसरहा थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया।
हादसे में घायल किशोरों की पहचान बनौली निवासी 14 वर्षीय अंश त्रिपाठी और 16 वर्षीय निरहू के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को तत्काल प्राथमिक उपचार के लिए सीएचसी खेसरहा भिजवाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया है और मामले की छानबीन शुरू कर दी है। इस घटना के बाद ग्रामीणों ने बांसी-धानी मार्ग पर वाहनों की अनियंत्रित रफ्तार को लेकर चिंता जताई है और चालकों से सावधानी बरतने की अपील की है।
0 टिप्पणियाँ