Ad Code

ब्रेकिंग न्यूज़: लोड हो रहा है... ताज़ा हेडलाइंस आ रही हैं...

नेपाल चुनाव को लेकर अलर्ट: भारत-नेपाल बॉर्डर पर पुलिस और SSB का ज्वाइंट मार्च, संदिग्धों पर पैनी नजर


​सिद्धार्थनगर। पड़ोसी देश नेपाल में होने वाले आगामी चुनावों को देखते हुए भारत-नेपाल अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है। बुधवार को सिद्धार्थनगर जिले के ककरहवा और शोहरतगढ़ सीमा क्षेत्रों में पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (SSB) के जवानों ने संयुक्त रूप से पैदल गश्त कर सुरक्षा का जायजा लिया। सीमावर्ती इलाकों में अब परिंदा भी पर नहीं मार सकेगा, क्योंकि सुरक्षा एजेंसियां हर संदिग्ध गतिविधि पर नजर रख रही हैं।
​ककरहवा बॉर्डर पर एसएसबी 43वीं वाहिनी के कमांडेंट उज्जवल दत्ता, थानाध्यक्ष मोहाना जितेंद्र सिंह और चौकी इंचार्ज ककरहवा ने भारी बल के साथ पगडंडियों और संवेदनशील रास्तों का निरीक्षण किया। सीमा पार से आने-जाने वाले हर व्यक्ति की गहन जांच की जा रही है। सुरक्षा अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की तस्करी या अवैध घुसपैठ को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
​इसी कड़ी में, शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र के खुनुवां और कोटिया बॉर्डर पर भी प्रभारी निरीक्षक नवीन कुमार सिंह के नेतृत्व में कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाया गया। जवानों ने सीमा से सटे गांवों में जाकर ग्रामीणों से संवाद किया और अपील की कि यदि कोई भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि दिखे, तो तत्काल पुलिस को सूचना दें।
​अधिकारियों के मुताबिक, नेपाल चुनाव के मद्देनजर यह अलर्ट मोड जारी रहेगा। सीमावर्ती संपर्क मार्गों और जंगल के रास्तों पर एसएसबी और पुलिस की संयुक्त टीमें 24 घंटे मुस्तैद रहेंगी, ताकि चुनाव के दौरान शांति व्यवस्था कायम रहे और किसी भी प्रकार की अवांछित गतिविधि को रोका जा सके।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Close Menu