अमड़ी गांव में मामूली बात पर खूनी संघर्ष, लात-घूंसों के बीच महिला समेत तीन घायल, वीडियो वायरल


​अंबेडकरनगर। कटका थाना क्षेत्र के अमड़ी गांव में बुधवार की देर रात दो पक्षों के बीच जमकर बवाल हुआ। मामूली कहासुनी ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया और दोनों तरफ से जमकर लात-घूंसे चले। इस मारपीट में एक महिला सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जो पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
​जानकारी के मुताबिक, बुधवार रात किसी बात को लेकर दो गुटों में बहस शुरू हुई थी। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे पर हमलावर हो गए। इस खूनी संघर्ष में रमाशंकर, सीताराम और उर्मिला को चोटें आई हैं। घटना के समय मौजूद किसी शख्स ने अपने मोबाइल में यह पूरी मारपीट कैद कर ली, जो अब वायरल हो रही है।
​मारपीट की सूचना मिलते ही कटका थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। इस संबंध में कटका थानाध्यक्ष ने बताया कि मारपीट की घटना संज्ञान में है, घटनास्थल का मुआयना किया गया है। तहरीर के आधार पर दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Close Menu