अम्बेडकरनगर। जनपद में होली का पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के बाद गुरुवार को पुलिस महकमे ने जमकर जश्न मनाया। पुलिस लाइन से लेकर जिले के सभी थानों में 'पुलिस की होली' की धूम रही। ड्यूटी की थकान मिटाते हुए पुलिसकर्मियों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाया, मिठाइयां खिलाईं और डीजे की धुन पर जमकर थिरके।
सुबह से ही पुलिस लाइन परिसर में उत्सव का माहौल रहा। अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) श्याम देव और अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) हरेंद्र कुमार ने पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर के आवास पर पहुंचकर उन्हें गुलाल लगाया और शुभकामनाएं दीं। इसके बाद पुलिस कप्तान और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला के आवास पर जाकर उन्हें होली की बधाई दी।
इस खास मौके पर पुलिस अधीक्षक ने पूरी फोर्स की पीठ थपथपाई। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों की मुस्तैदी, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के कारण ही पूरे जनपद में होली का त्योहार शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सका। एसपी ने सभी जवानों को भविष्य में भी इसी ईमानदारी और समर्पण के साथ जनता की सुरक्षा करने के लिए प्रेरित किया।
पूरे समारोह के दौरान अधिकारी और कर्मचारी एक ही रंग में रंगे नजर आए। डीजे पर बज रहे होली गीतों ने माहौल को और भी खुशनुमा बना दिया। इस आयोजन ने न केवल जवानों का तनाव कम किया, बल्कि आपसी भाईचारे और सौहार्द का एक मजबूत संदेश भी दिया।
0 टिप्पणियाँ