अम्बेडकरनगर। होली पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से रविवार को जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला और पुलिस अधीक्षक अभिजित आर शंकर ने टांडा तहसील के नगर पंचायत किछौछा में रूट मार्च किया। इस दौरान प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की संयुक्त टीम ने संवेदनशील स्थलों का बारीकी से निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था को परखा।
नागरिकों से किया सीधा संवाद
रूट मार्च के दौरान जिलाधिकारी ने स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और जनप्रतिनिधियों से बातचीत की। उन्होंने सभी से होली के पर्व को आपसी भाईचारे और शांति के साथ मनाने की अपील की। जिलाधिकारी ने जोर देकर कहा कि त्योहारों की गरिमा बनाए रखना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है और किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें।
चप्पे-चप्पे पर रहेगी नजर
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पूरे जनपद में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के साथ-साथ ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि शांति व्यवस्था भंग करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस रूट मार्च के जरिए प्रशासन ने आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाया और संबंधित विभागों को बिजली, पानी और सफाई व्यवस्था सुचारु रखने के निर्देश भी दिए।
0 टिप्पणियाँ