सिद्धार्थनगर | विशेष रिपोर्ट: बस्ती मंडल न्यूज़
सिद्धार्थनगर: बस्ती मंडल के सिद्धार्थनगर जिले में इन दिनों एक अजीबोगरीब 'पैनिक' की स्थिति देखने को मिल रही है। ईरान और इजरायल के बीच संभावित युद्ध की अंतरराष्ट्रीय अफवाहों का असर अब जिले की रसोई तक पहुँच गया है। गैस सिलेंडर की किल्लत होने के डर से जिले की तमाम गैस एजेंसियों पर उपभोक्ताओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है, जहाँ लोग सुबह से ही 500-500 मीटर लंबी कतारों में खड़े नजर आ रहे हैं।
अफवाहों का बाजार गर्म, एजेंसियों पर मची अफरा-तफरी
बस्ती मंडल न्यूज़ की पड़ताल के अनुसार, जिले के बर्डपुर स्थित आशीर्वाद एचपी गैस एजेंसी, खेसराहा के जय माता दी एचपी गैस, शोहरतगढ़ की उत्तम एचपी गैस और बढ़नी की युग कृष्णा इंडियन सर्विस समेत लगभग सभी प्रमुख एजेंसियों पर सुबह से ही सैकड़ों की संख्या में लोग सिलेंडर रिफिल कराने पहुँच रहे हैं। लोगों में डर है कि यदि युद्ध छिड़ा तो गैस की आपूर्ति बंद हो सकती है।
ओटीपी (OTP) की समस्या ने बढ़ाई मुश्किल
भीड़ के बीच उपभोक्ताओं की एक बड़ी शिकायत यह है कि बुकिंग कराने के बाद भी उनके मोबाइल पर ओटीपी नहीं आ रहा है। बिना ओटीपी के एजेंसी संचालक सिलेंडर देने से मना कर रहे हैं, जिससे स्थिति और भी तनावपूर्ण हो गई है। लोग अपनी समस्या के समाधान के लिए सीधे एजेंसी दफ्तरों का घेराव कर रहे हैं।
प्रशासन की अपील: "सब कुछ सामान्य है, अफवाहों पर न दें ध्यान"
स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। जिला पूर्ति अधिकारी (DSO) देवेंद्र प्रताप सिंह ने बस्ती मंडल न्यूज़ के माध्यम से जिलेवासियों को आश्वस्त किया है कि जिले में एलपीजी, पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है। आपूर्ति बिल्कुल सामान्य दिनों की तरह ही सुचारू है।
सहायता के लिए जारी हुए टोल-फ्री और तहसीलवार नंबर
प्रशासन ने किसी भी समस्या या शिकायत के लिए निम्नलिखित नंबर जारी किए हैं:
- तेल कंपनियों के टोल-फ्री नंबर: 18002333555 (IOCL/HPCL), 1800224344 (BPCL)
-
तहसीलवार हेल्पलाइन नंबर:
- नौगढ़: 8115190379
- बांसी: 9415355895
- डुमरियागंज: 8960197784
- इटवा: 7905005284
- शोहरतगढ़: 9648026593
बस्ती मंडल न्यूज़ की विशेष अपील:
सिद्धार्थनगर की जनता से अनुरोध है कि वे अंतरराष्ट्रीय युद्ध की खबरों को स्थानीय किल्लत से न जोड़ें। अनावश्यक रूप से सिलेंडर का स्टॉक जमा न करें, क्योंकि इससे वास्तविक जरूरतमंदों को परेशानी होती है। अफवाहें फैलाने वालों से सावधान रहें और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें।

0 टिप्पणियाँ