सड़क में गड्ढे हैं या गड्ढों में सड़क?' बदहाली से गुस्साए ग्रामीणों का जोरदार प्रदर्शन



बेलहर (संतकबीर नगर) | विशेष रिपोर्ट: बस्ती मंडल न्यूज़

संतकबीर नगर: जिले के बेलहर क्षेत्र में विकास के दावों की पोल खोलती एक तस्वीर सामने आई है। यहाँ जंगल बेलहर से झुडिया को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग अपनी बदहाली पर आंसू बहा रहा है। मरम्मत के अभाव में सड़क का अस्तित्व ही खतरे में पड़ गया है, जिससे आक्रोशित स्थानीय ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया और प्रशासन को उनके वादे याद दिलाए।

दर्जनों गाँवों का संपर्क मार्ग हुआ जर्जर

बस्ती मंडल न्यूज़ की पड़ताल में पाया गया कि यह मार्ग क्षेत्र के दर्जनों गाँवों को आपस में जोड़ता है, लेकिन लंबे समय से उपेक्षा का शिकार है। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं और नुकीली गिट्टियां बाहर निकल आई हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जब से यह सड़क बनी है, तब से इसकी सुध लेने वाला कोई नहीं है। आए दिन यहाँ राहगीर और मोटरसाइकिल सवार गिरकर चोटिल हो रहे हैं।

ग्रामीणों की दो-टूक: 'सड़क नहीं तो आंदोलन'

​प्रदर्शन में शामिल रामबृक्ष, नन्दू, अशोक कुमार गुप्ता, बबलू गुप्ता, और राजेश सहित दर्जनों ग्रामीणों ने अपनी नाराजगी जाहिर की। ग्रामीणों ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा:

​"अगर जल्द ही सड़क की मरम्मत शुरू नहीं हुई, तो हम शांत नहीं बैठेंगे। हमारी मांगें पूरी नहीं हुईं तो हम जिला मुख्यालय पर बड़ा प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे।"


अधिकारियों का गैर-जिम्मेदाराना जवाब?

​इस मामले में जब पीडब्ल्यूडी (PWD) अधिकारी विजेन्द्र सिंह से बस्ती मंडल न्यूज़ ने संपर्क किया, तो उन्होंने हैरानी भरा बयान दिया। उन्होंने कहा कि उन्हें इस सड़क की इतनी खराब स्थिति के बारे में जानकारी ही नहीं थी। हालांकि, उन्होंने आश्वासन दिया है कि जल्द ही मौके की जांच कर मरम्मत कार्य शुरू कराया जाएगा।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Close Menu