खलीलाबाद (संतकबीरनगर)। बस्ती मंडल न्यूज | न्यूज डेस्क :
संतकबीरनगर जिले के खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत हाड़ापार गांव में दो दिन से लापता 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला की निर्मम हत्या का मामला सामने आया है। गुरुवार को सरसों के खेत में मिले महिला के शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने हत्या की पुष्टि कर दी है। रिपोर्ट के अनुसार, महिला की गला दबाकर हत्या की गई है।
कथा सुनने गई थीं, फिर नहीं लौटीं
जानकारी के अनुसार, हाड़ापार निवासी शारदा देवी (60) पत्नी स्वर्गीय रामललित यादव, 10 मार्च की रात करीब 8 बजे गांव के ही समय माता मंदिर में कथा सुनने गई थीं। जब वह देर रात तक वापस नहीं लौटीं, तो परिजनों ने तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद बेटे लक्ष्मीचंद ने बुधवार को कोतवाली में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
खेत में मिला शव, गायब थे जेवरात
गुरुवार सुबह नहर किनारे सरसों के खेत में शारदा देवी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ। मृतका के गले पर काले निशान थे और नाक-मुंह से खून निकल रहा था। उनके शरीर से पहने हुए जेवरात भी गायब थे, जिससे अंदेशा जताया जा रहा है कि लूटपाट के विरोध में हत्या की गई है। बेटे बबुंदर यादव के अनुसार, घटनास्थल के हालात देखकर लगता है कि शव को करीब 20 फीट तक घसीटा गया था।
पुलिस और फोरेंसिक टीम की जांच
घटना की सूचना पर एएसपी सुशील कुमार सिंह, सीओ अमित कुमार और कोतवाल जय प्रकाश दूबे फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। एएसपी ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम डॉक्टरों के पैनल द्वारा वीडियोग्राफी के बीच कराया गया है।
शारदा देवी के तीन बेटे हैं और उनके पति की मृत्यु 2010 में ही हो गई थी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है। पुलिस जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा कर रही है।

0 टिप्पणियाँ