संतकबीरनगर: मैलानी नहर में मिले शव की हुई शिनाख्त, प्रेमी ने ही तो नहीं बुझा दिया सुमन का जीवन?




खलीलाबाद (संतकबीरनगर)। बस्ती मंडल न्यूज | न्यूज डेस्क :

​संतकबीरनगर जिले की मैलानी नहर पुलिया के नीचे मिली अज्ञात युवती की लाश की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। मृतका की पहचान बस्ती जिले की 22 वर्षीय युवती के रूप में हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई है, जिससे यह साफ है कि युवती को सोची-समझी साजिश के तहत मौत के घाट उतारा गया।

होली पर घर आई थी सुमन, फिर कभी नहीं लौटी

​मृतका की पहचान बस्ती जिले के लालगंज क्षेत्र अंतर्गत रैने गांव निवासी सुमन (22) पुत्री रामसहाय गौड़ के रूप में हुई है। शुक्रवार को पोस्टमार्टम हाउस पहुँचे माता-पिता ने कपड़ों और बैग के आधार पर शव की शिनाख्त की। माँ झिनका देवी ने बताया कि सुमन आर्केस्ट्रा में काम करती थी और अक्सर बाहर ही रहती थी। 4 मार्च को वह होली मनाने घर आई थी, लेकिन अगले ही दिन यह कहकर निकल गई कि खलीलाबाद में एक लड़का उसे कार्यक्रम के लिए बुला रहा है। उसके बाद से उसका मोबाइल बंद हो गया।

नहर की पुलिया के नीचे मिली थी लाश

​बीती 11 मार्च को मोहद्दीपुर ग्रामसभा के पास मैलानी नहर में एक युवती का शव मिलने से सनसनी फैल गई थी। शव काफी पुराना होने के कारण फूल गया था। पुलिस को मौके से एक बैग और श्रृंगार का सामान मिला था, जिससे उसके आर्केस्ट्रा कलाकार होने का संदेह हुआ था। इसी सुराग के जरिए पुलिस मृतका के परिवार तक पहुँचने में सफल रही।

प्रेम-प्रसंग या साजिश? जांच में जुटी पुलिस

​शव की स्थिति और मां के बयान के आधार पर मामला प्रेम-प्रसंग की ओर इशारा कर रहा है। आशंका जताई जा रही है कि जिस युवक ने उसे फोन कर खलीलाबाद बुलाया था, उसी ने अपने साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया और शव को नहर में फेंक दिया।

क्या बोले अधिकारी?

​कोतवाली प्रभारी जय प्रकाश दूबे ने बताया कि पीड़ित माँ की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या और साक्ष्य छिपाने का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब सुमन के मोबाइल कॉल डिटेल्स (CDR) खंगाल रही है ताकि उस 'रहस्यमयी कॉलर' का पता लगाया जा सके जिसने उसे आखिरी बार बुलाया था।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Close Menu