संतकबीरनगर। बस्ती मंडल न्यूज | डेस्क रिपोर्ट :
संतकबीरनगर जिला कारागार में शनिवार को लीगल एड डिफेंस काउंसिल की टीम ने दौरा कर बंदियों की कानूनी समस्याओं को सुना। जनपद न्यायाधीश रणधीर सिंह के निर्देश और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव सुनील कुमार सिंह की पहल पर आयोजित इस शिविर में उन बंदियों पर विशेष ध्यान दिया गया, जो आर्थिक तंगी या जानकारी के अभाव में जेल में निरुद्ध हैं।
जुर्माना और जमानतदार न होने से रुकी है रिहाई
शिविर के दौरान कई गंभीर मामले सामने आए:
- बादल शेख (निवासी बलिया): सजा पूरी होने के बावजूद वह सिर्फ इसलिए रिहा नहीं हो पा रहा क्योंकि उसके पास जुर्माना भरने के पैसे नहीं हैं।
- सुधीर चौरसिया (खलीलाबाद): चोरी के आरोप में बंद सुधीर की जमानत तो हो चुकी है, लेकिन जमानतदार न मिलने से वह अभी भी जेल में है।
- नीरज यादव (बेलहरकला): नाबालिग को भगाने के आरोप में बंद नीरज ने अपनी पैरवी के लिए सरकारी अधिवक्ता की मांग की।
कानूनी मदद का मिला आश्वासन
लीगल एड डिफेंस काउंसिल के चीफ अन्जय कुमार श्रीवास्तव और डिप्टी संजीव कुमार पांडेय ने बंदियों को आश्वस्त किया कि जिन मामलों में जमानतदार या जुर्माने की समस्या है, उनमें विधिक प्रक्रिया के तहत मदद की जाएगी। साथ ही, पात्र बंदियों को शासन की ओर से निशुल्क वकील भी उपलब्ध कराए जाएंगे।
इस दौरान असिस्टेंट डिफेंस काउंसिल मो. दानिश, डिप्टी जेलर हरिकेश और जेल पीएलवी सुनील सहित जेल प्रशासन के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

0 टिप्पणियाँ