बेलहरकला (संतकबीरनगर)। बस्ती मंडल न्यूज | न्यूज डेस्क :
संतकबीरनगर पुलिस ने 'मिशन शक्ति 5.0' अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने वाले वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के चंगुल से अपहृत नाबालिग को भी सुरक्षित बरामद कर लिया है।
नंदौर चौराहे के पास धरा गया आरोपी
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान विजय पाल उर्फ गोलू (पुत्र रामबृक्ष), निवासी छगुलिया बगुलिया, थाना दुधारा के रूप में हुई है। बेलहरकला थाना पुलिस ने सटीक सूचना के आधार पर आरोपी को नंदौर चौराहे के पास से घेराबंदी कर दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।
7 मार्च को दर्ज हुआ था मुकदमा
इस मामले में पीड़िता की माँ ने 7 मार्च 2026 को बेलहरकला थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि विजय पाल उनकी नाबालिग बेटी को शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर भगा ले गया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मु0अ0सं0 51/2026 के तहत धारा 137(2) और 87 BNS के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू की थी।
पुलिस टीम की मुस्तैदी
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान में अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह और क्षेत्राधिकारी मेंहदावल सर्वदवन सिंह का मार्गदर्शन रहा। आरोपी को सलाखों के पीछे पहुँचाने वाली टीम में उपनिरीक्षक राजेश कुमार दूबे, हेड कांस्टेबल विजय कुमार सिंह और होमगार्ड भवानी शंकर राय शामिल रहे।
संतकबीरनगर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं और नाबालिगों के विरुद्ध अपराध करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

0 टिप्पणियाँ