सिद्धार्थनगर। बस्ती मंडल न्यूज | ब्यूरो रिपोर्ट :
सिद्धार्थनगर जिला मुख्यालय के बीएससी ग्राउंड में आयोजित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह में उस समय सियासी हलचल तेज हो गई, जब उत्तर प्रदेश विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष और इटवा से सपा विधायक माता प्रसाद पांडे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। उन्होंने वहां नवविवाहित जोड़ों को दिए गए उपहारों और सामान की बारीकी से जांच की और उनकी गुणवत्ता पर सवाल खड़े किए।
उपहारों की जांच और 'पायल' पर टिप्पणी
माता प्रसाद पांडे ने दुल्हनों को दिए गए सामान के बॉक्स खोलकर देखे। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा, "अभी मैं देख रहा था कि जोड़ों को क्या-क्या सामान दिया गया है। थाली और कटोरी तो दी है, लेकिन पायल बहुत छोटी दी गई है।" उन्होंने आयोजन की व्यवस्थाओं पर असंतोष जाहिर करते हुए सामान की उपयोगिता पर सवाल उठाए।
पुरानी व्यवस्था और वर्तमान पर तंज
सपा सरकार की नीतियों की तुलना करते हुए नेता प्रतिपक्ष ने कहा, "हमारी सरकार के समय हम इस तरह सामूहिक विवाह के आयोजन के बजाय सीधे दुल्हन के बैंक खाते में पैसा भेज देते थे, ताकि वे अपनी मर्जी और जरूरत के हिसाब से सामान खरीद सकें। यहाँ तो सामान की गुणवत्ता और आकार में भी कमियां दिख रही हैं।"
प्रोटोकॉल और समय को लेकर नाराजगी
माता प्रसाद पांडे दोपहर करीब 2 बजे कार्यक्रम स्थल पहुंचे थे। उन्होंने प्रशासन पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें कार्यक्रम का समय 12 से 2 बजे के बीच बताया गया था, लेकिन उनके पहुंचने से पहले ही आनन-फानन में कार्यक्रम समाप्त कर दिया गया।
इस दौरान आयोजन स्थल पर मौजूद अधिकारियों और स्थानीय नेताओं के बीच उनके इस औचक निरीक्षण को लेकर काफी चर्चा रही।

0 टिप्पणियाँ