बढ़नी (सिद्धार्थनगर)। बस्ती मंडल न्यूज | ब्यूरो रिपोर्ट :
नगर पंचायत बढ़नी के बस स्टॉप तिराहे पर शनिवार को समाजवादी पार्टी शिक्षक सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनेंद्र मिश्रा मशाल के नेतृत्व में एक भव्य इफ्तार पार्टी का आयोजन किया गया। इस मौके पर क्षेत्र की गंगा-जमुनी तहजीब की झलक देखने को मिली, जहाँ हिंदू-मुस्लिम समुदाय के लोगों ने एक साथ बैठकर मुल्क की शांति और तरक्की के लिए दुआ मांगी।
नेता प्रतिपक्ष और पूर्व सांसद रहे मुख्य आकर्षण
इफ्तार पार्टी में उत्तर प्रदेश विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष और वरिष्ठ सपा नेता माता प्रसाद पांडेय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ पूर्व सांसद कुशल तिवारी ने भी शिरकत की। नेताओं ने रोजेदारों के साथ बैठकर इफ्तार किया और रमजान के पवित्र महीने की मुबारकबाद दी।
अमन-चैन के लिए उठे हाथ
आयोजन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि रमजान का महीना आत्मसंयम और इंसानियत का संदेश देता है। इफ्तार के वक्त देश और प्रदेश में अमन-चैन, खुशहाली और आपसी भाईचारे के लिए सामूहिक प्रार्थना की गई। कार्यक्रम में उपस्थित बुद्धिजीवियों ने कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज में प्रेम और एकता की भावना बलवती होती है।
क्षेत्र के गणमान्य रहे मौजूद
इस अवसर पर मसूद आलम खान, मुजम्मिल हुसैन, मारूफ आलम, मंगेश यादव, सागर पाठक, राजेंद्र भारती, डॉ. शरफुद्दीन, जावेद आलम और शकील अहमद शाह सहित सैकड़ों की संख्या में क्षेत्र के गणमान्य लोग, समाजसेवी और आम जनमानस मौजूद रहा।
बढ़नी क्षेत्र की जनता की बड़ी भागीदारी ने इस इफ्तार पार्टी को सांप्रदायिक सौहार्द का एक बड़ा केंद्र बना दिया।

0 टिप्पणियाँ