डुमरियागंज: फूलों की होली से महका आर्य कन्या इंटर कॉलेज, भाईचारे और सद्भाव का दिया संदेश





डुमरियागंज (सिद्धार्थनगर)। बस्ती मंडल न्यूज | ब्यूरो रिपोर्ट :

​सिद्धार्थनगर जिले के डुमरियागंज स्थित आर्य कन्या इंटर कॉलेज के प्रांगण में शनिवार को भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। भाजपा नेता और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष रामकुमार चिंकू यादव द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में फूलों की होली खेलकर आपसी प्रेम और सामाजिक समरसता की मिसाल पेश की गई।

फूलों की वर्षा और अवधी गीतों की धूम

​सुबह 11 बजे से शुरू हुए इस समारोह में रंग-गुलाल के बजाय फूलों का उपयोग किया गया। रंग-बिरंगे फूलों की वर्षा के बीच लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर होली की बधाई दी। कार्यक्रम में प्रसिद्ध अवधी गायक संजय यदुवंशी ने अपनी सुरीली प्रस्तुति से समां बांध दिया, जिस पर युवा जमकर थिरके। साथ ही स्थानीय कलाकारों और क्रिएटर्स ने भी सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए समां बांधा।

सद्भाव का प्रतीक है होली: चिंकू यादव

​आयोजक रामकुमार चिंकू यादव ने क्षेत्रवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि होली का पर्व केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि यह आपसी भेदभाव भुलाकर एकता के सूत्र में बंधने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज में भाईचारे की जड़ें मजबूत होती हैं।

सांसद सहित कई दिग्गज रहे मौजूद

​समारोह में मुख्य रूप से सांसद जगदम्बिका पाल, सच्चिदानंद पाण्डेय, राजू पाल, राजेश द्विवेदी और छोटे यादव सहित भारी संख्या में गणमान्य नागरिक और युवा उपस्थित रहे। डुमरियागंज की जनता की बड़ी भागीदारी ने इस आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया।

​उपस्थित लोगों ने प्रशासन और आयोजकों की सराहना करते हुए कहा कि फूलों की होली ने पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ रिश्तों में मिठास घोलने का काम किया है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Close Menu