बस्ती। रविंद्र भट्ट: जनपद बस्ती के हर्रैया क्षेत्र में गैस वितरण को लेकर रविवार को भारी गहमागहमी देखी गई। शांति इंडियन गैस एजेंसी पर सिलेंडर लेने के लिए हजारों उपभोक्ता रात 2 बजे से ही कतारों में लग गए, जिससे स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन को मौके पर भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा।
आधी रात से कतारों में डटे उपभोक्ता
कड़ाके की ठंड के बावजूद, उपभोक्ता खाली सिलेंडर लेकर आधी रात से ही गोदाम के बाहर डटे हुए थे। सुबह होते-होते यह भीड़ हजारों की संख्या में बदल गई, जिससे वितरण केंद्र पर भारी दबाव बन गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्हें एक सिलेंडर के लिए कई दिनों तक इंतजार करना पड़ रहा है।
OTP की समस्या ने बढ़ाई मुसीबत
वितरण प्रक्रिया में बड़ी तकनीकी समस्या भी सामने आई। उपभोक्ताओं ने बताया कि ओटीपी (OTP) आने में घंटों की देरी हो रही है, जिसके कारण एक-एक सिलेंडर देने में काफी समय लग रहा है। इस देरी ने इंतजार कर रहे लोगों के सब्र का बांध तोड़ दिया, जिससे मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया।
प्रशासन और पुलिस की मुस्तैदी
भीड़ की संवेदनशीलता को देखते हुए हर्रैया तहसील प्रशासन ने मौके पर पुलिस बल और तहसील कर्मियों को तैनात किया। शांति गैस एजेंसी के मैनेजर दिग्विजय सिंह ने बताया, “आज हर्रैया केंद्र पर 600 से अधिक सिलेंडरों का वितरण किया जा रहा है। भीड़ अधिक है, लेकिन हम पूरी पारदर्शिता और शांति के साथ गैस मुहैया कराने का प्रयास कर रहे हैं।”
जिला प्रशासन का दावा: आपूर्ति में कमी नहीं
दूसरी ओर, जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनपद में ईंधन की कोई कमी नहीं है। अधिकारियों के अनुसार, बस्ती जनपद में कुल 40 गैस एजेंसियां संचालित हैं और आपूर्ति बाधित नहीं है। किसी भी समस्या के समाधान के लिए 24 घंटे सक्रिय कंट्रोल रूम भी बनाया गया है। फिलहाल, शांति गैस एजेंसी पर पुलिस सुरक्षा के बीच वितरण कार्य जारी है।

0 टिप्पणियाँ