डुमरियागंज: गैस के लिए रात भर 'रतजगा' करने को मजबूर उपभोक्ता, खाली सिलेंडरों की लगी लंबी कतारें





डुमरियागंज (सिद्धार्थनगर)। बस्ती मंडल न्यूज | ब्यूरो रिपोर्ट :

​सिद्धार्थनगर जिले के डुमरियागंज कस्बे में रसोई गैस की किल्लत ने विकराल रूप ले लिया है। यहाँ उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर पाने के लिए कड़कड़ाती ठंड और खुले आसमान के नीचे पूरी रात गुजारनी पड़ रही है। शुक्रवार और शनिवार की दरम्यानी रात डुमरियागंज स्थित एचपी गैस एजेंसी के बाहर जो नजारा दिखा, वह सरकारी दावों की पोल खोलने के लिए काफी था।

एजेंसी के बाहर बिताई रात, सिलेंडरों से पट गई सड़क

​स्थानीय गैस एजेंसी पर सिलेंडर पाने की होड़ में सैकड़ों उपभोक्ता शाम से ही कतार में लग गए थे। आलम यह था कि महिलाएं, बुजुर्ग और मजदूर वर्ग के लोग अपने खाली सिलेंडर सड़क किनारे रखकर वहीं सो गए या बैठकर सुबह का इंतजार करने लगे। स्थानीय लोगों का कहना है कि वितरण व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और आपूर्ति बेहद अनियमित है।

OTP की समस्या ने बढ़ाई मुसीबत

​कतार में लगे उपभोक्ताओं ने प्रशासन और एजेंसी प्रबंधन पर अव्यवस्था का आरोप लगाया। लोगों का कहना है कि गैस बुकिंग के लिए अनिवार्य ओटीपी (OTP) मोबाइल पर नहीं आ रहा है, जिससे ऑनलाइन प्रक्रिया ठप है। वहीं, एजेंसी पर बिना ओटीपी दिखाए सिलेंडर देने से मना किया जा रहा है, जिससे उन लोगों के सामने संकट खड़ा हो गया है जिनके पास तत्काल खाना बनाने के लिए भी गैस नहीं बची है।

प्रशासन के दावे और जमीनी हकीकत में फर्क

​एक तरफ जहाँ उपभोक्ता सड़कों पर रात बिता रहे हैं, वहीं दूसरी ओर जिला प्रशासन लगातार दावा कर रहा है कि जिले में गैस की कोई कमी नहीं है। अधिकारियों का कहना है कि आपूर्ति सुचारू रूप से की जा रही है, लेकिन डुमरियागंज की यह तस्वीर प्रशासन के इन दावों को पूरी तरह नकार रही है।

​उपभोक्ताओं ने मांग की है कि गैस वितरण प्रणाली को पारदर्शी बनाया जाए और ओटीपी की तकनीकी समस्या का समाधान कर आपूर्ति में तेजी लाई जाए।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Close Menu