बस्ती: मालवीय रोड पर विवादित जमीन कब्जाने की कोशिश, भारी तनाव के बीच पुलिस ने संभाला मोर्चा

 



बस्ती। (संवाददाता: रविंद्र भट्ट) शहर के हृदय स्थल मालवीय रोड स्थित चर्चित 'तड़का रेस्टोरेंट' वाली विवादित भूमि पर गुरुवार को एक बार फिर कब्जे की कोशिश से हड़कंप मच गया। मौके पर ईंटें गिराए जाने की सूचना मिलते ही पुलिस बल ने मोर्चा संभाला और दोनों पक्षों को सख्त हिदायत देकर शांत कराया।

हाईकोर्ट बनाम विचाराधीन मामला

जमीन पर दावेदारी को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। एक पक्ष का दावा है कि उनके पास हाईकोर्ट का सीमांकन आदेश है, जबकि दूसरे पक्ष ने इसे न्यायालय में विचाराधीन बताते हुए कब्जे का विरोध किया। मौके पर अधिवक्ताओं की मौजूदगी के बीच तनाव बढ़ता देख डायल 112 और रौता चौकी इंचार्ज ने तत्काल पहुँचकर स्थिति को संभाला।

पुराना है विवाद, पहले भी चल चुके हैं पत्थर

गौरतलब है कि इसी जमीन को लेकर कुछ महीने पहले हिंसक झड़प हुई थी, जिसमें जमकर ईंट-पत्थर चले थे और कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए थे। उस घटना की गूँज लखनऊ तक पहुँची थी, जिसके बाद डीआईजी की जांच रिपोर्ट पर तत्कालीन शहर कोतवाल और रौता चौकी इंचार्ज को पद से हटा दिया गया था।

पुलिस की कड़ी चेतावनी

पुलिस ने साफ कर दिया है कि किसी को भी कानून हाथ में लेने की इजाजत नहीं दी जाएगी। मौके पर कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात है और दोनों पक्षों को कानूनी प्रक्रिया का पालन करने का निर्देश दिया गया है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Close Menu