बस्ती: जमीन विवाद में हाईटेंशन पोल पर चढ़ा युवक, तार पकड़ते ही मचा हड़कंप, बाल-बाल बची जान



बस्ती। (संवाददाता: रविंद्र भट्ट) जनपद के कप्तानगंज ब्लॉक अंतर्गत नानकार गांव में गुरुवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब जमीन विवाद से क्षुब्ध एक युवक 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन के खंभे पर चढ़ गया। युवक ने जैसे ही हाईटेंशन तार पकड़ा, ग्रामीणों के हाथ-पांव फूल गए।

लाइनमैन की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

घटना की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय लाइनमैन राजेश ने बिना समय गंवाए तत्काल बिजली आपूर्ति बंद करवा दी। गनीमत रही कि उस समय रोस्टिंग (कटौती) चल रही थी, जिससे बड़ा हादसा होने से बच गया। यदि बिजली चालू होती तो युवक की जान जा सकती थी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची डायल 112 और ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद युवक को समझा-बुझाकर सुरक्षित नीचे उतारा।

जमीन विवाद है मुख्य कारण

जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामला दीपक उर्फ परदूम चौधरी और शालिग्राम के बीच चल रहे जमीन विवाद से जुड़ा है। शालिग्राम ने चार दिन पहले पुलिस थाने में इस विवाद की शिकायत भी दर्ज कराई थी। ग्रामीणों का कहना है कि आरोपी दीपक इससे पहले भी दो बार शालिग्राम की बिजली काट चुका था।

पुलिस ने संभाला मोर्चा

मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को शांत कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों ने लाइनमैन राजेश की त्वरित कार्रवाई की जमकर सराहना की, जिनकी सक्रियता से एक जान बच गई।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Close Menu