ब्यूरो रिपोर्ट बस्ती मंडल न्यूज़
संतकबीरनगर: भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) ने जनपद के मलोरना गांव में प्रस्तावित नई आवास विकास परियोजना के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। गुरुवार को जिलाध्यक्ष राम सागर चौधरी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में किसानों ने कलेक्ट्रेट मुख्यालय पर प्रदर्शन किया और जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर इस परियोजना को तत्काल रद्द करने की मांग की।
भूमिहीन होने का सता रहा है डर
प्रदर्शनकारी किसानों का कहना है कि मलोरना गांव के किसानों की काफी कृषि भूमि पहले ही खलीलाबाद-बहराइच रेलवे लाइन परियोजना के लिए अधिग्रहित की जा चुकी है। अब प्रशासन द्वारा नई आवास विकास परियोजना प्रस्तावित किए जाने से किसान डरे हुए हैं। उन्हें भय है कि यदि शेष जमीन भी ले ली गई, तो वे पूरी तरह भूमिहीन हो जाएंगे और उनके पास आजीविका का कोई साधन नहीं बचेगा।
रोजी-रोटी के संकट की आशंका
किसानों ने अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए कहा कि खेती ही उनकी आय का एकमात्र जरिया है। यदि यह परियोजना लागू होती है, तो उनके और उनके परिवारों के सामने रोजी-रोटी का गंभीर संकट खड़ा हो जाएगा। किसानों ने जिला प्रशासन से पुरजोर मांग की है कि मलोरना गांव की उपजाऊ जमीन को छोड़कर इस परियोजना को किसी अन्य अनुपयोगी या उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित किया जाए।
बड़े आंदोलन की दी चेतावनी
ज्ञापन सौंपने के दौरान किसानों ने दो टूक शब्दों में कहा कि यदि उनकी जायज मांगों को अनसुना किया गया, तो वे चुप नहीं बैठेंगे और भविष्य में एक बड़ा आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।
इस अवसर पर जिला महासचिव रामाशंकर यादव, ब्लॉक अध्यक्ष गणेश चौधरी, फूलचंद्र चौधरी, हरीश राव, रविचंद्र राव, चंद्रशेखर चौधरी, ओमप्रकाश चौधरी, राजेश राव, श्रीकांत चौधरी सहित भारी संख्या में किसान मौजूद रहे।

0 टिप्पणियाँ