ब्यूरो रिपोर्ट बस्ती मंडल न्यूज़
संतकबीरनगर: उत्तर प्रदेश एटीएस (ATS) की टीम ने बुधवार देर शाम खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र में छापेमारी कर फर्जी आधार कार्ड बनाने के आरोपी एक युवक को गिरफ्तार किया है। टीम ने आरोपी के पास से लैपटॉप, मोबाइल फोन और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए हैं। पकड़े गए आरोपी को एटीएस की टीम लखनऊ लेकर रवाना हो गई है, जहाँ उससे गिरोह के अन्य नेटवर्क के बारे में पूछताछ की जाएगी।
अगस्त 2025 के बड़े खुलासे से जुड़े हैं तार
यह गिरफ्तारी अगस्त 2025 में लखनऊ एटीएस द्वारा फर्जी आधार कार्ड बनाने वाले एक अंतर्राज्यीय गिरोह के खुलासे की कड़ी मानी जा रही है। उस समय एटीएस ने आजमगढ़, इटावा, सहारनपुर, औरैया और गोरखपुर सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से 15 आरोपियों को दबोचा था। जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि गोरखपुर से गिरफ्तार किए गए राजीव तिवारी का सीधा संबंध कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र के नौरंगिया निवासी विनोद कुमार विश्वकर्मा से था। विनोद, मुख्य आरोपी राजीव को फर्जी आधार कार्ड बनाने के लिए तकनीकी सहायता और संसाधन उपलब्ध कराता था।
सब्जी मंडी स्थित दुकान पर एटीएस का छापा
एटीएस ने आरोपी विनोद कुमार विश्वकर्मा के खिलाफ अदालत से गैर-जमानती वारंट (NBW) प्राप्त किया था। बुधवार को जैसे ही विनोद की सटीक लोकेशन ट्रेस हुई, एटीएस इंस्पेक्टर कुलदीप सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम कोतवाली खलीलाबाद पहुँची। स्थानीय पुलिस के सहयोग से टीम ने सब्जी मंडी स्थित विनोद की लोहे और स्टील की दुकान पर अचानक छापा मारा और उसे हिरासत में ले लिया।
दस्तावेज और लैपटॉप बरामद
तलाशी के दौरान आरोपी की दुकान से एक लैपटॉप, मोबाइल फोन और कई संदिग्ध दस्तावेज बरामद हुए हैं, जिनका उपयोग फर्जीवाड़ा करने में किया जाता था। कोतवाली में प्रारंभिक पूछताछ के बाद एटीएस की टीम आरोपी को अग्रिम कार्रवाई के लिए लखनऊ ले गई है। इस कार्रवाई से इलाके के जालसाजों और फर्जी आईडी बनाने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।

0 टिप्पणियाँ