बस्ती मंडल न्यूज़ | संवाददाता: रविंद्र भट्ट
बस्ती। जनपद में शनिवार को आस्था, उत्साह और आपसी सौहार्द के साथ ईद-उल-फितर का त्योहार मनाया गया। तड़के हुई झमाझम बारिश के कारण नमाज के पारंपरिक स्थलों में बदलाव जरूर हुआ, लेकिन अकीदतमंदों के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी। बारिश की वजह से शहर के जनता होटल स्थित मुख्य ईदगाह में नमाज नहीं हो सकी, जिसके चलते लोगों ने पास की विभिन्न मस्जिदों में पहुंचकर खुदा की बारगाह में सिर झुकाया।
मस्जिदों में उमड़ी भीड़, सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम
बारिश के चलते शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक नमाज का मुख्य केंद्र स्थानीय मस्जिदें रहीं। त्योहार को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद दिखा। मंडलायुक्त अखिलेश सिंह और पुलिस उप महानिरीक्षक (DIG) संजीव त्यागी ने भारी पुलिस बल के साथ शहर के पुरानी बस्ती सहित संवेदनशील क्षेत्रों का पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
गले मिलकर दी बधाई, भानपुर से लालगंज तक दिखी रौनक
नमाज मुकम्मल होने के बाद अकीदतमंदों ने एक-दूसरे को गले लगाकर 'ईद मुबारक' कहा। जिले के भानपुर, मुंडेरवा, जमदाशाही, नगर बाजार, लालगंज और कलवारी सहित सभी कस्बों में ईद की जबरदस्त रौनक रही। छोटे बच्चों से लेकर बड़ों तक, सभी नए कपड़ों में सजे-धजे नजर आए और एक-दूसरे के घर जाकर खुशियां बांटीं।
घरों में महकी सेवइयों की खुशबू
ईद के खास मौके पर मुस्लिम परिवारों में सुबह से ही पकवानों का दौर शुरू हो गया। घरों में विशेष रूप से तैयार की गई मीठी सेवइयों और लजीज व्यंजनों का लुत्फ उठाया गया। हिंदू-मुस्लिम भाइयों ने एक-दूसरे के घर पहुंचकर सेवइयां खाईं और गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल पेश की।
प्रशासन की मुस्तैदी से शांतिपूर्ण रहा त्योहार
बारिश के कारण उपजी अव्यवस्थाओं को प्रशासन ने समय रहते संभाला। साफ-सफाई और सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों के कारण पूरे बस्ती जनपद में ईद का पर्व बिना किसी अप्रिय घटना के बेहद शांतिपूर्ण और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ।

0 टिप्पणियाँ