बस्ती: बेटे की मौत के गम में पिता लापता, कफन लेने के बहाने एम्बुलेंस से उतरे थे, सीसीटीवी में दिखे आखिरी पल

 

Basti news
लापता फुर्ती लाल के परिजन।


बस्ती मंडल न्यूज़ | संवाददाता: रविंद्र भट्ट

बस्ती। जनपद के कलवारी थाना क्षेत्र के सहारनपुर गांव से एक अत्यंत दुखद और विचलित करने वाली घटना सामने आई है। एक पिता, जो अपने जवान बेटे का शव लेकर घर लौट रहा था, रास्ते में संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। 'कफन' लेने की बात कहकर एम्बुलेंस से उतरे पिता का अब तक कोई सुराग नहीं लगा है। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर उनकी तलाश तेज कर दी है।

2018 से बीमार था बेटा, लखनऊ में तोड़ा दम

​लापता फुर्ती लाल मौर्या की बेटी राधिका ने बताया कि उनके भाई रघुनाथ मौर्य की दोनों किडनियां साल 2018 से खराब थीं। उनका इलाज लखनऊ में चल रहा था, लेकिन शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे रघुनाथ ने दम तोड़ दिया। परिजन एम्बुलेंस से शव लेकर गांव लौट रहे थे।

गायघाट चौराहे पर कफन लेने उतरे और नहीं लौटे

​परिजनों के अनुसार, जब एम्बुलेंस गायघाट पहुँची, तो गमजदा पिता फुर्ती लाल ने कहा कि वे बेटे के लिए कफन लेकर आते हैं। वे एम्बुलेंस से नीचे उतरे, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं आए। परिजनों ने काफी खोजबीन की, पर उनका कुछ पता नहीं चला। जवान बेटे की मौत और पिता के अचानक गायब होने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

CCTV फुटेज में दिखे फुर्ती लाल, पुलिस कर रही तलाश

​कलवारी पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए गायघाट क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरे खंगाले। फुटेज में फुर्ती लाल मौर्या सुबह करीब 9:30 बजे गायघाट चौराहे के बैडारी मोड़ से गाना गांव की दिशा में पैदल जाते हुए दिखाई दिए हैं।

पहचान और हुलिया:

  • कद: लगभग 5 फीट।
  • पहनावा: पैंट-शर्ट और गाढ़े रंग की जैकेट।
  • अंतिम लोकेशन: गायघाट चौराहा, बस्ती।

​कलवारी पुलिस और परिजन संभावित स्थानों पर उनकी तलाश कर रहे हैं। परिजनों ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि कोई जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Close Menu