बस्ती में हैवानियत: 5 साल की मासूम से पड़ोसी ने किया रेप, खेत में ले जाकर दबाया मुंह, आरोपी गिरफ्तार

 

बस्ती न्यूज

बस्ती मंडल न्यूज़ | संवाददाता: रविंद्र भट्ट

बस्ती। जनपद के पैकोलिया थाना क्षेत्र में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। घर के बाहर खेल रही एक 5 साल की मासूम बच्ची को पड़ोसी युवक बहला-फुसलाकर खेत में ले गया और उसके साथ दरिंदगी की। पीड़िता की मां के मौके पर पहुँचने पर आरोपी फरार हो गया। पुलिस ने कड़ी मशक्कत और परिजनों के भटकने के बाद शनिवार दोपहर को मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

खेलते समय उठाकर ले गया आरोपी सुशील

​राजमिस्त्री का काम करने वाले पीड़ित पिता ने बताया कि उनकी इकलौती 5 साल की बेटी शुक्रवार शाम घर के बाहर खेल रही थी। तभी पड़ोस का रहने वाला सुशील वर्मा (19) उसे उठाकर करीब 500 मीटर दूर एक खेत की झोपड़ी में ले गया। वहां आरोपी ने बच्ची का मुंह दबाकर उसके साथ गलत काम किया।

मां ने सुनी चीखें, आरोपी मौके से हुआ फरार

​शाम को जब पिता काम से लौटा और बच्ची घर पर नहीं मिली, तो मां उसे ढूंढने निकली। खेत के पास पहुँचने पर उसे बच्ची की दबी हुई आवाज सुनाई दी। जैसे ही मां वहां पहुँची, आरोपी सुशील वर्मा मासूम को छोड़कर मौके से भाग निकला। बदहवास हालत में मां अपनी बेटी को लेकर घर पहुँची और परिजनों को आपबीती सुनाई।

पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल: रिपोर्ट लिखाने के लिए भटकता रहा परिवार

​परिजनों का आरोप है कि वे शुक्रवार रात को ही बच्ची को लेकर पैकोलिया थाने पहुँचे थे, लेकिन पुलिस ने सुबह आने की बात कहकर टाल दिया। शनिवार सुबह 7 बजे से पीड़ित परिवार बारिश के बीच थाने के चक्कर काटता रहा। काफी देर तक टालमटोल के बाद दोपहर में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की। हालांकि, आरोपी युवक को पुलिस ने रात में ही हिरासत में ले लिया था।

अपर पुलिस अधीक्षक का बयान

​अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत ने बताया कि पिता की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बच्ची को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है और मामले में सख्त विधिक कार्रवाई की जा रही है। आरोपी पुलिस की गिरफ्त में है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Close Menu