बस्ती में 'मिशन शक्ति' का शंखनाद: महिला पुलिस ने निकाली बाइक रैली, 30 दिनों तक चलेगा सुरक्षा और सशक्तिकरण का विशेष अभियान

 



बस्ती मंडल न्यूज़ | संवाददाता: रविंद्र भट्ट

बस्ती। वासंतिक नवरात्रि के पावन अवसर पर शुक्रवार को जनपद में 'मिशन शक्ति' (फेज-05, द्वितीय चरण) का भव्य शुभारंभ किया गया। नारी सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को समर्पित इस अभियान का आगाज पुलिस लाइन से महिला पुलिस कर्मियों की एक विशाल बाइक रैली के साथ हुआ।

डीआईजी और एसपी ने दिखाई हरी झंडी

​पुलिस उप महानिरीक्षक (DIG) संजीव त्यागी ने पुलिस अधीक्षक (SP) यशवीर सिंह की गरिमामयी उपस्थिति में महिला पुलिस बल की बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अगले 30 दिनों तक पूरे जनपद में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए विशेष रणनीति के तहत काम किया जाएगा।

नवरात्रि मेलों और मंदिरों पर रहेगी कड़ी नजर

​अभियान के तहत नवरात्रि मेलों, रामनवमी पंडालों, सिद्धपीठों और भीड़भाड़ वाले धार्मिक स्थलों पर महिला पुलिस बल की विशेष तैनाती की गई है। पुलिस प्रशासन ने निर्देश दिए हैं कि:

  • एंटी-रोमियो स्क्वायड पूरी तरह सक्रिय रहेगा।
  • ​छेड़छाड़ करने वाले अराजक तत्वों के खिलाफ मौके पर ही कठोर वैधानिक कार्रवाई होगी।
  • ​संवेदनशील इलाकों में फुट पेट्रोलिंग और CCTV कैमरों के जरिए 24 घंटे निगरानी रखी जाएगी।

गांव-गांव लगेगी चौपाल, दी जाएगी हेल्पलाइन की जानकारी

​थाना स्तर पर गठित मिशन शक्ति टीमें अब गांवों और स्कूलों में जाकर चौपाल लगाएंगी। महिला बीट अधिकारी छात्राओं को आत्मरक्षा के गुर सिखाएंगी और उन्हें सरकारी योजनाओं के साथ-साथ वीमेन पावर लाइन 1090 व अन्य आपातकालीन नंबरों के प्रति जागरूक करेंगी।

अपराधों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस

​अधिकारियों के अनुसार, एएचटीयू (AHTU) और अन्य विभागों के समन्वय से बाल विवाह और बाल श्रम जैसे अपराधों के खिलाफ भी व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। मिशन शक्ति केंद्र की सुविधाओं का प्रचार-प्रसार कर महिलाओं को सशक्त बनाने का लक्ष्य रखा गया है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Close Menu