बस्ती मंडल न्यूज़ | संवाददाता: मृत्युंजय शर्मा
जहांगीरगंज (अम्बेडकरनगर)। जनपद के जहांगीरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत मखदूमपुर गांव में रविवार को डॉ. भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा स्थापित करने के प्रयास को लेकर दो पक्षों में भारी तनाव उत्पन्न हो गया। विवादित स्थल पर नींव की खुदाई शुरू होने की सूचना पर प्रशासनिक अमला पूरी तरह सक्रिय हो गया। सुरक्षा के मद्देनजर मौके पर आधा दर्जन थानों की पुलिस और पीएसी तैनात की गई है।
विवादित गाटा संख्या पर खुदाई से भड़का आक्रोश
मिली जानकारी के अनुसार, आबादी से सटे मिलजुला गाटा संख्या 356 पर रविवार को कुछ लोगों द्वारा नई प्रतिमा स्थापित करने के लिए नींव खोदने का काम शुरू किया गया। गांव के निवासी राजाराम, राधेश्याम और कपूर सहित कई ग्रामीणों ने इसका कड़ा विरोध करते हुए पुलिस को सूचना दी।
छावनी में तब्दील हुआ मखदूमपुर गांव
तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए एसडीएम सुभाष सिंह और इंस्पेक्टर संतोष सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे। विवाद को बढ़ता देख:
- थानाध्यक्ष आलापुर रितेश पांडेय, राजेसुल्तानपुर अक्षय पटेल, कटका थानाध्यक्ष अवधेश श्रीवास्तव और जैतपुर थानाध्यक्ष धीरेंद्र आजाद सहित 6 थानों की फोर्स बुलाई गई।
- सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद करने के लिए 2 कंपनी पीएसी (PAC) को भी तैनात किया गया है।
एसडीएम का कड़ा रुख: "बिना अनुमति नहीं लगेगी प्रतिमा"
उपजिलाधिकारी सुभाष सिंह ने मौके पर पहुँचकर प्रतिमा स्थापना के काम को तत्काल रुकवा दिया। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी कि विवादित स्थल पर बिना अनुमति प्रतिमा स्थापित करने की कोशिश किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
शांति भंग की आशंका में 2 हिरासत में
इंस्पेक्टर संतोष सिंह ने बताया कि माहौल बिगाड़ने और शांति भंग की आशंका में दो लोगों को हिरासत में लेकर पाबंद किया गया है। फिलहाल गांव में स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन एहतियात के तौर पर पुलिस बल और पीएसी अभी भी मौके पर तैनात है। प्रशासन पल-पल की गतिविधि पर पैनी नजर रखे हुए है।

0 टिप्पणियाँ