पत्रकार: गोविंद कुमार | चैनल: बस्ती मण्डल न्यूज
सिद्धार्थनगर जनपद के भनवापुर ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत साहेपारा में मंगलवार को बिजली के खंभे से निकली एक चिंगारी ने भीषण तबाही मचाई। सूखे गेहूं के खेतों में लगी इस आग ने देखते ही देखते लगभग 100 बीघा फसल को जलाकर राख कर दिया, जिससे क्षेत्र के किसानों को भारी आर्थिक क्षति हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, खेतों के ऊपर से गुजर रहे बिजली के तारों में हुए शॉर्ट सर्किट की वजह से चिंगारी नीचे गिरी और तेज हवा के कारण आग ने विकराल रूप ले लिया। ग्रामीणों ने अपनी तरफ से आग बुझाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन आग इतनी तेज थी कि स्थानीय संसाधनों से उसे रोकना मुश्किल हो रहा था।
घटना के दौरान फायर ब्रिगेड के समय पर न पहुंचने को लेकर ग्रामीणों में गहरा आक्रोश देखा गया। करीब एक घंटे की देरी के बाद भी जब मदद नहीं पहुंची, तो स्थानीय लोगों ने ट्रैक्टर, पंपसेट और बाल्टियों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
पीड़ित किसानों ने प्रशासन से गुहार लगाई है कि उनकी सालभर की मेहनत बर्बाद हो गई है। किसानों ने मांग की है कि प्रशासन जल्द से जल्द नुकसान का आकलन (सर्वे) कराए और प्रभावितों को उचित मुआवजा प्रदान करे।

0 टिप्पणियाँ