मिशन शक्ति' के तहत 'रन फॉर इम्पावरमेंट': अम्बेडकरनगर में महिला सशक्तीकरण के लिए दौड़ीं बेटियाँ

 



ब्यूरो रिपोर्ट: अम्बेडकरनगर | संवाददाता: मृत्युंजय शर्मा

​जनपद अम्बेडकरनगर में उत्तर प्रदेश सरकार की प्राथमिकता वाले 'मिशन शक्ति' अभियान के अंतर्गत 'रन फॉर इम्पावरमेंट' दौड़ का भव्य आयोजन किया गया। रिजर्व पुलिस लाइन से शुरू हुई इस दौड़ के जरिए समाज को 'सशक्त नारी, सशक्त राष्ट्र' का दमदार संदेश दिया गया।

ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

पुलिस अधीक्षक अभिजित आर शंकर के कुशल निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ ज्वाइंट मजिस्ट्रेट श्रीमती प्रतीक्षा सिंह ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस दौड़ में जनपद की प्रेरणादायी महिलाओं और विभिन्न स्कूलों की छात्राओं ने भारी उत्साह के साथ प्रतिभाग किया। दौड़ के दौरान बेटियों का जोश देखते ही बन रहा था।

सुरक्षा और स्वावलंबन का दिया संदेश

दौड़ के समापन पर उपस्थित बालिकाओं को 'मिशन शक्ति' के विभिन्न आयामों और सुरक्षा उपायों के बारे में जागरूक किया गया। अधिकारियों ने वूमेन पावर लाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112 और अन्य महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की विस्तृत जानकारी दी। वक्ताओं ने कहा कि यह केवल एक दौड़ नहीं है, बल्कि महिलाओं को समाज में निडर होकर आगे बढ़ने और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करने का एक सशक्त माध्यम है।

अधिकारियों की रही गरिमामयी उपस्थिति

इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) हरेंद्र कुमार, प्रतिसार निरीक्षक संतोष कुमार, मीडिया सेल प्रभारी अतुल कुमार श्रीवास्तव, अकबरपुर कोतवाली प्रभारी श्रीनिवास पाण्डेय और टीएसआई जयबहादुर यादव सहित पुलिस विभाग के तमाम अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। अम्बेडकरनगर पुलिस ने दोहराया कि वे महिलाओं की सुरक्षा और उनके सर्वांगीण विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Close Menu