ब्यूरो रिपोर्ट: अम्बेडकरनगर | संवाददाता: मृत्युंजय शर्मा
जनपद अम्बेडकरनगर में शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक के दौरान मिशन की धीमी प्रगति और फीडिंग में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर जिलाधिकारी का चाबुक चला है।
खराब प्रदर्शन पर ADO का वेतन रोका, मिशन मैनेजर को नोटिस
समीक्षा के दौरान विकास खंड भियांव में समूह गठन और पोर्टल पर फीडिंग की प्रगति अत्यंत खराब पाई गई। इस पर कड़ा रुख अपनाते हुए जिलाधिकारी ने सहायक विकास अधिकारी (आरडी) भियांव का वेतन रोकने और ब्लॉक मिशन मैनेजर को कारण बताओ नोटिस जारी करने के सख्त निर्देश दिए हैं।
31 मार्च 2027 तक का बड़ा लक्ष्य
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला की मौजूदगी में बताया गया कि जनपद के पात्र गृहस्थी और अंत्योदय कार्ड धारकों के कुल 2.31 लाख लाभार्थियों को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ने का लक्ष्य है। हालांकि, अब तक केवल 27,000 लोगों को ही जोड़ा जा सका है, जिसमें से महज 9,950 की जानकारी पोर्टल पर दर्ज है। जिलाधिकारी ने पंचायत सचिवों, कोटेदारों और पंचायत सहायकों को आपसी समन्वय से शत-प्रतिशत फीडिंग सुनिश्चित करने को कहा है।
बैंकों की सुस्ती पर डीएम नाराज, बुलाई बैठक
समीक्षा में यह तथ्य सामने आया कि करीब 1100 से अधिक स्वयं सहायता समूहों के खाते खोलने की फाइलें विभिन्न बैंकों में लंबित हैं, जिससे फीडिंग का काम प्रभावित हो रहा है। इस समस्या के समाधान के लिए अग्रणी जिला प्रबंधक (LDM) को तत्काल प्रभाव से सभी शाखा प्रबंधकों की बैठक बुलाने का निर्देश दिया गया है।
प्रदेश में टॉप-10 में शामिल है अम्बेडकरनगर
कुछ सकारात्मक पहलुओं पर चर्चा करते हुए बताया गया कि 'लखपति दीदी' योजना की फीडिंग में अम्बेडकरनगर 96 प्रतिशत प्रगति के साथ प्रदेश के शीर्ष 10 जिलों में शामिल है। साथ ही, एनआरएलएम डैशबोर्ड की रैंकिंग में जनपद पिछले दो महीनों से प्रदेश में प्रथम स्थान पर बना हुआ है। अब तक जिले में कुल 13,511 समूहों का गठन कर 1,50,465 महिलाओं को स्वावलंबी बनाया जा चुका है।

0 टिप्पणियाँ