ब्यूरो रिपोर्ट: अम्बेडकरनगर | संवाददाता: मृत्युंजय शर्मा

​जनपद में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे जीरो टॉलरेंस अभियान के तहत अम्बेडकरनगर पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। कोतवाली अकबरपुर पुलिस और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में 50 हजार रुपये के इनामी वांछित अपराधी आदित्य कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है। महिला से पर्स छीनने की वारदात के बाद से ही इस बदमाश पर इनाम घोषित किया गया था।

मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर दबोचा

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराध और अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए टीमें सक्रिय थीं। इसी बीच मुखबिर से सटीक सूचना मिली कि 50 हजार का इनामी बदमाश आदित्य कुमार बरियावन बाजार में किसी वाहन के इंतजार में खड़ा है। सूचना मिलते ही अकबरपुर कोतवाली प्रभारी और स्वाट टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को रात करीब 9:30 बजे दबोच लिया।

शादी समारोह में जा रही महिला से छीना था पर्स

यह पूरा मामला 1 मार्च 2026 का है, जब नवीन कुमार की माता तमसा मार्ग से एक शादी समारोह में शामिल होने जा रही थीं। उसी दौरान मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने उनका पर्स छीन लिया था। इस वारदात ने इलाके में सनसनी फैला दी थी, जिसके बाद पुलिस ने फरार आरोपियों पर इनाम घोषित किया था।

दो साथी पहले ही जा चुके हैं जेल

पकड़े गए आरोपी की पहचान आदित्य कुमार (20 वर्ष) पुत्र फागूलाल, निवासी गौसपुर सोसाइटी का पूरा (कोतवाली अकबरपुर) के रूप में हुई है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, इस वारदात में शामिल दो अन्य आरोपी, शेरू उर्फ रेहान और शिवम, को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। आदित्य तभी से फरार चल रहा था, जिसे अब सलाखों के पीछे पहुँचा दिया गया है।