गौर (बस्ती)। बस्ती मंडल न्यूज | संवाददाता रवींद्र भट्ट :
बस्ती जिले के गौर थाना क्षेत्र के एक गांव में आधी रात को प्रेम प्रसंग के चलते जमकर हंगामा हुआ। एक प्रेमी अपनी शादीशुदा प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुँचा था, लेकिन ग्रामीणों ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। मौके पर पहुँची पुलिस ने किसी तरह युवक को ग्रामीणों के चंगुल से छुड़ाया।
4 साल से चल रहा था प्रेम प्रसंग
घटना के बाद तब नया मोड़ आया जब महिला ने सबके सामने युवक के साथ रहने की जिद पकड़ ली। महिला का कहना है कि उनके बीच पिछले चार साल से प्रेम संबंध है। हालाँकि, ग्रामीणों की पिटाई से सहमे युवक ने अस्पताल जाने के डर और लोक-लाज के बीच महिला को अपनाने से साफ इनकार कर दिया।
ग्रामीणों ने डायल 112 को दी सूचना
युवक को महिला के घर में संदिग्ध परिस्थितियों में देखकर ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया और मारपीट शुरू कर दी। विवाद बढ़ता देख ग्रामीणों ने ही डायल 112 को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुँची और घायल युवक को हिरासत में लेकर इलाज के लिए भेजा।
पुलिस कर रही मामले की जांच
इस अजीबोगरीब प्रेम कहानी और हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद गाँव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। थानाध्यक्ष अतुल कुमार अंजान ने बताया कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। मामले की गहराई से जांच की जा रही है और तहरीर मिलने पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

0 टिप्पणियाँ