सिद्धार्थनगर। बस्ती मंडल न्यूज | संवाददाता गोविंद कुमार :
देशभर के करोड़ों किसानों के लिए आज शुक्रवार, 13 मार्च का दिन खुशियों भरा है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की बहुप्रतीक्षित 22वीं किस्त आज शाम 5 बजे के बाद सीधे किसानों के बैंक खातों में भेजी जाएगी। सिद्धार्थनगर जनपद के किसानों के लिए भी यह एक बड़ा आर्थिक संबल साबित होने वाला है।
सिद्धार्थनगर को मिलेंगे 63 करोड़ रुपये
इस योजना के तहत सिद्धार्थनगर जिले के 3,15,055 पंजीकृत किसानों को सीधा लाभ मिलने जा रहा है। कुल 63 करोड़ 1 लाख 10 हजार रुपये की राशि जनपद के किसानों के बैंक खातों में डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से ट्रांसफर की जाएगी। प्रत्येक पात्र किसान के खाते में 2,000 रुपये की किस्त पहुँचेगी।
देशभर के 9 करोड़ से अधिक किसानों को लाभ
राष्ट्रीय स्तर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शाम एक क्लिक के माध्यम से देश के 9 करोड़ 32 लाख से अधिक किसानों के खातों में कुल 18,640 करोड़ रुपये की राशि हस्तांतरित करेंगे। योजना का मुख्य उद्देश्य किसानों को खाद, बीज और अन्य कृषि जरूरतों के लिए समय पर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है।
कृषि निवेश में मिलेगी राहत
जनपद के किसानों में इस किस्त को लेकर भारी उत्साह देखा जा रहा है। किसानों का कहना है कि वर्तमान समय में खेती-किसानी की जरूरतों, जैसे खाद और कीटनाशक के लिए यह राशि अत्यंत उपयोगी साबित होगी। सरकार की इस पहल से छोटे और सीमांत किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत हो रही है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि राशि शाम 5 बजे के बाद से खातों में पहुंचना शुरू हो जाएगी। किसान अपने बैंक संदेशों या पीएम किसान पोर्टल के माध्यम से अपनी किस्त का स्टेटस चेक कर सकते हैं।

0 टिप्पणियाँ